CG News: कमिश्नर के PA ने की देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी, कपडे फाड़कर पिटाई..

CG News:

CG News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग नगर निगम में देवी-देवताओं और धर्म गुरुओं पर कथित अभद्र टिप्पणी के बाद जमकर बवाल हो गया। नगर निगम कमिश्नर के निजी सहायक (PA) गौतम साहू की हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि मारपीट में कर्मचारी के कपड़े तक फट गए। मामला पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र का है।tcw

जानकारी के मुताबिक, गौतम साहू नगर निगम में प्लेसमेंट कर्मचारी के रूप में कार्यरत है और निगम आयुक्त के निजी सहायक की जिम्मेदारी संभाल रहा था। उसकी एक महिला कर्मचारी के साथ निजी वॉट्सएप चैट सामने आई, जिसमें हिंदू देवी-देवताओं और धार्मिक गुरुओं के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था।

चैट का स्क्रीनशॉट वायरल होने के बाद बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों में नाराजगी फैल गई। 8 मई की सुबह बड़ी संख्या में कार्यकर्ता निगम कार्यालय पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने गौतम साहू को पकड़कर बाहर निकाला और उसकी पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कर्मचारी को कार्यकर्ताओं से छुड़ाकर थाने ले गई। मारपीट के दौरान निगम कार्यालय में कुछ समय तक कामकाज भी प्रभावित रहा।

पोलसाय पारा निवासी मंगल सिंह राजपूत ने पद्मनाभपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। बजरंग दल के जिला संयोजक सौरभ देवांगन ने बताया कि महिला कर्मचारी ने यह चैट हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं तक पहुंचाई थी, जिसके बाद विरोध प्रदर्शन किया गया। पुलिस ने मामले में शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो और चैट की भी जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *