CG Video: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बुधवारी बाईपास मार्ग स्थित डिज्नीलैंड मेले में मारपीट का मामला सामने आया है। मेले में हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है।
झूले में बैठने को लेकर विवाद
जानकारी के मुताबिक झूले में बैठने को लेकर हुए विवाद के बाद डिज्नीलैंड मेले के कर्मचारियों ने पति-पत्नी और उनके एक साथी के साथ मारपीट की। वायरल वीडियो में कुछ लोग युवकों की पिटाई करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि डिज्नीलैंड मेले के मैनेजर समसुद्दीन खान, आकाश झूला संचालक राहुल कुमार पासवान और कर्मचारी आनंद कुमार पासवान के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है।
गौरतलब है कि डिज्नीलैंड मेला पहले भी विवादों और हादसों को लेकर चर्चा में रहा है। कुछ वर्ष पहले इसी मेले में तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया था, जिसकी जांच रिपोर्ट अब तक लंबित बताई जा रही है। वहीं एक अन्य घटना में झूला गिरने से कई लोग घायल हो चुके हैं।

