Raipur IPL 2026: राजधानी शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 10 और 13 मई को होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग 2026 मुकाबलों की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग, आपदा प्रबंधन और दर्शकों की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं तय मानकों के अनुसार सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था मजबूत करने, ओवररेटिंग रोकने और पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए।
इन टीमों के बीच होंगे मुकाबले
• 10 मई: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु vs मुंबई इंडियंस
• 13 मई: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु vs कोलकाता नाइट राइडर्स
इस सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने रायपुर को अपना दूसरा होम ग्राउंड बनाया है, जिससे स्थानीय दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
एंट्री और टिकट व्यवस्था
मैच के लिए टिकट केवल ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। दर्शकों को डिजिटल M-टिकट के जरिए प्रवेश मिलेगा, जिसमें QR कोड मैच के दिन ही एक्टिव होगा। स्टेडियम के गेट दोपहर 3:30 बजे से खुलेंगे और दर्शकों को निर्धारित गेट से ही एंट्री दी जाएगी। दोबारा प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी गेट पर वालेंटियर तैनात किए जाएं और वाई-फाई व इंटरनेट की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए। खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और निर्धारित SOP का सख्ती से पालन किया जाए।
आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारी रखने, फायर सेफ्टी उपकरणों की व्यवस्था और मेडिकल सुविधा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
CCTV निगरानी और सख्ती
स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में CCTV कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में नगर निगम, पुलिस प्रशासन और छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के अधिकारी उपस्थित रहे।



