Raipur IPL 2026: रायपुर में 10 मई को होने वाले आईपीएल मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच होने वाले इस मैच के लिए ऑनलाइन टिकट बिक्री शुरू हो चुकी है। दर्शक आधिकारिक वेबसाइट https://shop.royalchallengers.com/ticket पर जाकर टिकट बुक कर सकते हैं।
इस मैच की सबसे सस्ती 2500 रुपए की टिकट विंडो खुलते ही कुछ ही मिनटों में सोल्ड आउट हो गई। फिलहाल 3300 रुपए से 8000 रुपए तक की टिकटें उपलब्ध हैं।
स्कूल शिक्षा विभाग ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में मेरिट सूची में स्थान पाने वाले छात्रों को यह मैच मुफ्त में दिखाने की व्यवस्था की है। संबंधित छात्रों को 10 मई की सुबह 10 बजे तक SCERT रायपुर पहुंचना होगा, जहां से उन्हें मैच के लिए ले जाया जाएगा।
आज से टिकट बुकिंग
12 मई को होने वाले दूसरे मुकाबले के लिए टिकट बिक्री 4 मई यानि आज से शुरू हो गई है। इस दिन RCB और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच मैच खेला जाएगा। फिलहाल 3300 रुपए से 8000 रुपए तक टिकट विंडो ओपन है।
जानकारी के अनुसार, RCB की टीम 8 मई को रायपुर पहुंचेगी और यहां करीब 6 दिन तक रहेगी। इस दौरान टीम मैदान पर प्रैक्टिस भी करेगी। मुंबई इंडियंस की टीम भी 8 मई के बाद रायपुर पहुंच सकती है।
QR कोड से मिलेगी एंट्री
मैच के लिए डिजिटल M-टिकट जारी किए जा रहे हैं। दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश के लिए QR कोड का उपयोग करना होगा, जो मैच के दिन गेट खुलने से कुछ समय पहले ही एक्टिव होगा। सुरक्षा कारणों से फिजिकल टिकट की जरूरत नहीं होगी और QR कोड पहले एक्सेस नहीं किया जा सकेगा।
स्टेडियम के गेट दोपहर 3:30 बजे खुलेंगे और दर्शकों को टिकट में दिए गए गेट नंबर के अनुसार ही प्रवेश मिलेगा। एक बार एंट्री के बाद दोबारा प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। 2 साल से अधिक उम्र के बच्चों के लिए अलग टिकट अनिवार्य है और एक मोबाइल नंबर से अधिकतम 4 टिकट ही खरीदे जा सकते हैं।
M-टिकट ट्रांसफर: सिर्फ एक बार ही संभव
M-टिकट को केवल एक बार ही ट्रांसफर किया जा सकेगा। ट्रांसफर के बाद पुराने यूजर की एक्सेस खत्म हो जाएगी और नया यूजर ही टिकट का उपयोग कर सकेगा। आयोजकों के अनुसार यह व्यवस्था ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए लागू की गई है।
10वीं-12वीं टॉपर्स को फ्री एंट्री
छत्तीसगढ़ में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की मेरिट लिस्ट में जगह बनाने वाले स्टूडेंट्स को ये IPL मैच फ्री में दिखाया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
विभाग ने निर्देश दिया है कि संबंधित बच्चों को एक टीचर के साथ 10 मई की सुबह 10 बजे तक SCERT रायपुर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद वहां से सभी छात्रों को मैच देखने के लिए ले जाया जाएगा।
Raipur IPL 2026: रायपुर में कल से बिकेंगे IPL मैच के टिकट, यहां से खरीदें





