CG Earthquake: छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य ओडिशा के कालाहांडी जिले में बुधवार शाम आए भूकंप के झटके गरियाबंद समेत सीमावर्ती इलाकों में भी महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 दर्ज की गई, जबकि इसका केंद्र जमीन से करीब 24 किलोमीटर नीचे था।
देवभोग इलाके में शाम करीब 7:42 बजे अचानक तेज आवाज के साथ करीब 3 सेकेंड तक जमीन में कंपन महसूस किया गया। झटकों के चलते लोग घरों से बाहर निकल आए और इलाके में दहशत का माहौल बन गया। अमलीदर तहसील क्षेत्र में भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए।
धरती कांपी
देवभोग क्षेत्र में पहले से ही मौसम बदला हुआ था और बारिश के साथ बिजली चमक रही थी। इसी दौरान अचानक जमीन में कंपन महसूस होने से लोग घबरा गए। कई जगहों पर जमीन पर रखी वस्तुओं में भी कंपन देखा गया।
कोई नुकसान नहीं
प्रशासन के अनुसार फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति नुकसान की सूचना नहीं मिली है। 4.1 तीव्रता के भूकंप से आमतौर पर बड़े नुकसान की आशंका कम रहती है, हालांकि कुछ जगहों पर कच्चे मकानों में हल्की दरारें पड़ सकती हैं।
अधिकारियों ने दी जानकारी
तहसीलदार अजय चंद्रवंशी ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों से कंपन की सूचना मिली है। मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और आगे विशेषज्ञों से अध्ययन कराया जाएगा।

