CG Census 2027: दुर्ग जिले में छत्तीसगढ़ी भाषा को जनगणना में उचित स्थान दिलाने की मांग तेज हो गई है। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने स्व-जनगणना पोर्टल में छत्तीसगढ़ी भाषा को शामिल करने को लेकर प्रशासन और निर्वाचन आयोग को ज्ञापन सौंपा है।
कलेक्टर के माध्यम से सौंपा ज्ञापन
पार्टी पदाधिकारियों ने बुधवार को दुर्ग जिला कलेक्टर के माध्यम से भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि स्व-जनगणना पोर्टल में मातृभाषा के कॉलम में छत्तीसगढ़ी भाषा का विकल्प नहीं दिया गया है।
जनगणना में छत्तीसगढ़ी भाषा को करें शामिल
पार्टी का कहना है कि पोर्टल में नेपाली और अंग्रेजी जैसी भाषाओं का उल्लेख है, लेकिन छत्तीसगढ़ी भाषा को शामिल नहीं किया गया। इसे साढ़े तीन करोड़ छत्तीसगढ़ी भाषियों के साथ अन्याय बताया गया है।
राजभाषा का मिल चुका है दर्जा
पदाधिकारियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा को 28 नवंबर 2007 को छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राजभाषा का दर्जा दिया जा चुका है। इसके बावजूद जनगणना जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज में इसे नजरअंदाज किया जा रहा है।
आंदोलन की चेतावनी
पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्व-जनगणना पोर्टल में छत्तीसगढ़ी भाषा को शामिल नहीं किया गया, तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।


