Bastar Pickup Accident: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में एक भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौके पर मौत हो गई, जबकि 37 ग्रामीण घायल हो गए। हादसा घोटिया थाना क्षेत्र में हुआ, जहां शादी समारोह से लौट रहे ग्रामीणों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। (बस्तर ग्रामीणों से भरी पिकअप पलटी)
ग्रामीणों से भरी पिकअप पलटी
जानकारी के अनुसार, सिरिसगुड़ा निवासी एक परिवार गांव के अन्य लोगों के साथ नारायणपुर जिले के ओरछा ब्लॉक के रेंगाबेड़ा गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था। सभी लोग मंगलवार सुबह पिकअप वाहन से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ढाबामारी के पास तेज रफ्तार पिकअप चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क पर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि लोग इधर-उधर फेंका गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। (बस्तर पिकअप पलटने से 2 महिलाओं की मौत)
घायलों में बच्चे भी शामिल
हादसे में सुलो मंडावी (45) और मिटको मंडावी (50) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी 37 ग्रामीण घायल हो गए, इनमें महिला-पुरुष और बच्चे शामिल हैं। आसपास के स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और घटना की सूचना पुलिस को दी।
घायलों को किया गया रेफर
सूचना मिलते ही पुलिस टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को पहले लोहंडीगुड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज डिमरापाल रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि पिकअप में 40 से ज्यादा लोग सवार थे। इस घटना को लेकर घोटिया थाना का कहना है कि सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। ओवरलोडिंग की बात सामने आई, जिसकी जांच की जा रही है।



