CG Budget Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल के दौरान सड़क दुर्घटनाओं का मुद्दा जोरदार ढंग से उठा। भाजपा विधायक सुनील सोनी ने लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं और उनमें हो रही मौतों को लेकर सरकार को घेरा।

भाजपा विधायक सुनील सोनी ने परिवहन मंत्री केदार कश्यप से सवाल किया कि बीते एक वर्ष में सड़क दुर्घटनाओं में कितनी मौतें हुई हैं और इन्हें रोकने के लिए क्या मास्टर प्लान तैयार किया गया है। जवाब में मंत्री ने बताया कि पिछले एक वर्ष में 6898 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं और राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इसके अलावा विधायक ने राजधानी में सुगम यातायात और सिटी बसों की संख्या को लेकर भी मंत्री को घेरा। सुनील सोनी ने पूछा कि राजधानी में वर्तमान में कितनी सिटी बसें संचालित हो रही हैं और आम नागरिकों को सस्ता सार्वजनिक परिवहन क्यों उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इस पर परिवहन मंत्री ने कहा कि वे जानकारी लेकर सदन में उपलब्ध कराएंगे।

