CG Weather Update: फरवरी के तीसरे दिन पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। रायपुर, सुकमा और राजनांदगांव में दिन का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि रात के तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ। सुबह के समय अभी भी हल्की ठंड महसूस की जा रही है, लेकिन दिन चढ़ते ही धूप तेज हो जाती है।

पिछले तीन दिनों से रायपुर के साथ राजनांदगांव भी प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में शामिल हो गया है। मंगलवार को दोनों शहरों का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पेंड्रा, जगदलपुर और माना में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जिसमें आने वाले दिनों में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा के अनुसार, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान और उसके आसपास चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। इसके प्रभाव से 4 फरवरी को सरगुजा संभाग और उससे लगे बिलासपुर संभाग के जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. प्रदेश में न्यूनतम तापमान में कोई खास परिवर्तन होने की संभावना नहीं है. वहीं एक फ्रेश पश्चिमी विक्षोभ 5 फरवरी और दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 8 फरवरी को उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है.
रायपुर में आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज 4 फरवरी को सुबह के वक्त धुंध छाए रहने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के नजदीक बने रहने की संभावना है. इससे साफ है कि दोपहर के वक्त गर्मी का अहसास हो सकता है. वहीं रात के वक्त हल्की ठंड से अभी राहत नहीं मिलेगी.
