CG Suicide Attempt: छत्तीसगढ़ के कोरबा कलेक्ट्रेट परिसर में गणतंत्र दिवस के दिन नगर सेना के एक जवान ने आत्महत्या करने की कोशिश की। जानकारी के अनुसार, बर्खास्त नगर सैनिक संतोष पटेल ने कलेक्ट्रेट परिसर में ही जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जवान के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है, जिसमें उसने डिविजनल कमांडेंट और कोरबा कमांडेंट पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। सुसाइड नोट में उसने कार्रवाई से आहत होने और लगातार दबाव में रहने की बात लिखी है।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले महिला सैनिकों द्वारा जिला सेनानी के खिलाफ विशाखा समिति में शिकायत की गई थी। इस मामले में विभागीय जांच के बाद संतोष पटेल को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। इसी कार्रवाई से आहत होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सुसाइड नोट के आधार पर तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
