Kanker Patwari Suspended: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में धान खरीदी कार्य में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। पखांजूर SDM ने धान खरीदी केंद्रों पर नोडल अधिकारी के रूप में तैनात दो पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आरोप है कि दोनों पटवारी बिना मौके पर गए और बिना भौतिक सत्यापन किए घर बैठे ही धान टोकन का सत्यापन कर रहे थे।

क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धान खरीदी केंद्र चारगांव और उदनपुर में तैनात नोडल अधिकारियों ने अपने कर्तव्यों के निर्वहन में भारी लापरवाही बरती। आरोप है कि संबंधित पटवारियों ने खरीदी केंद्रों पर उपस्थित हुए बिना ही अन्य व्यक्तियों के माध्यम से गलत तरीके से धान टोकन का सत्यापन कर दिया। इतना ही नहीं, समिति में रखे पुराने बोरों के स्टॉक की फोटो अपलोड कर दी गई, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।

ये अधिकारी निलंबित
1. आशीष पवार – हल्का पटवारी (ह.नं. 03-चारगांव), चारगांव धान खरीदी केंद्र के नोडल अधिकारी
2. आकाश कश्यप – हल्का पटवारी (ह.नं. 06-केसेकोड़ी), उदनपुर धान खरीदी केंद्र के नोडल अधिकारी
SDM की कार्रवाई
SDM पखांजूर द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि दोनों पटवारियों ने अपनी आईडी अन्य व्यक्तियों को सौंप दी थी और बिना जांच के प्रविष्टियां कराई गईं। यह कृत्य सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 और धान खरीदी नीति 2025-26 के प्रावधानों का गंभीर उल्लंघन है।
कार्य व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन ने वैकल्पिक नियुक्तियां भी की हैं। चारगांव खरीदी केंद्र का अतिरिक्त प्रभार पटवारी सतीश कुमार को, जबकि केसेकोड़ी का अतिरिक्त प्रभार पटवारी अशोक कुमार दीपक को सौंपा गया है।
