Durg Accident: छत्तीसगढ़ में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन रफ्तार का कहर देखने को मिलता है ताजा मामला दुर्ग जिला के नंदिनी थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े हाईवा ट्रक से पीछे से जा टकराई। इस दर्दनाक दुर्घटना में मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, नंदिनी थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरिया चौक के पास सड़क किनारे एक हाईवा ट्रक खड़ा था। इसी दौरान पुणे से अपने पैतृक गांव जामगांव लौट रहा एक परिवार बाइक से वहां से गुजर रहा था। अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और खड़े हाईवा ट्रक से जा टकराई।
इस टक्कर में बाइक सवार परिवार के चार सदस्यों में से तीन घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां मालती साहू (35) और उनके बेटे राजेंद्र साहू (22) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं, बाइक चला रहे राजेंद्र के पिता राजू साहू (40) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है। यह परिवार मूल रूप से बेमेतरा जिले के जामगांव का रहने वाला है और पुणे में मजदूरी का काम करता था। वे 9 जनवरी की शाम पुणे से अपने गांव के लिए निकले थे। पुलिस ने हाईवा ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन खड़ा करने और दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है और घटना की गहनता से जांच कर रही है।
