Raipur Murder: रायपुर के श्याम नगर इलाके में पुरानी रंजिश के चलते हुई चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रविवार रात करीब 10 बजे की है। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान भनपुरी निवासी आदित्य कुर्रे के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक काशीराम नगर निवासी अभय सारथी है। मामले की जांच तेलीबांधा थाना पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी लोकेश विश्वकर्मा, रजत दौडिया, अनुज यादव, आकाश विश्वकर्मा और दिव्यांश ध्रुव हैं। इनमें से दिव्यांश ध्रुव फरार है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस के मुताबिक मृतक और आरोपी सभी आदतन बदमाश बताए जा रहे हैं। मृतक आदित्य करीब 15 दिन पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था।
जानिए पूरा मामला
तेलीबांधा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार श्याम नगर इलाके में रविवार रात 10 बजे की रात आदित्य अपने दोस्त अभय के साथ लोकेश विश्वकर्मा, रजत दौडिया, अनुज यादव, आकाश विश्वकर्मा, दिव्यांश ध्रुव से मिलने पहुंचा था। आरोपियों का दीवाली में विवाद हुआ था।

सभी ने साथ बैठकर शराब पी और उसके बाद उनका पुरानी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद के दौरान हाथापाई हुई तो लोकेश विश्वकर्मा, रजत दौडिया, अनुज यादव, आकाश विश्वकर्मा, दिव्यांश ध्रुव ने आदित्य और अभय पर चाकू से हमला कर दिया।
आरोपियों की करतूत और भागने का वीडियो कुछ दूरी पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। पुलिस ने दबिश देकर चार आरोपियों को पकड़ लिया।
चाकूबाजी से पूरी गली लहूलुहान
चाकूबाजी की घटना के बाद स्थानीय लोग गली में पहुंचे तो पूरी गली लहुलुहान दिखी। घटनास्थल पर पुलिस को चप्पल, सिगरेट का पैकेट और संघर्ष के निशान मिले है। तेलीबांधा पुलिस पूरे मामले में जांच कर रही है।
चार गिरफ्तार एक फरार
घटना की जांच कर रहे तेलीबांधा निरीक्षक ने बताया, कि चाकूबाजी में एक युवक की मौत हुई, वहीं दूसरा युवक घायल हुआ है। तकनीकी जांच और मुखबिरों की मदद से चार आरोपियों को पकड़ा है। वारदात में शामिल एक आरोपी फरार है, उसकी तलाश की जा रही है।
