CG Murder: सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित गांधीनगर इलाके में शनिवार सुबह एक युवक की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद की गई। घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बबलू मंडल के रूप में हुई है, जो सुभाष नगर का निवासी बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। शव की स्थिति को देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
मामले को और गंभीर बनाते हुए घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों का फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में मृतक कुछ अज्ञात व्यक्तियों के साथ आता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने CCTV फुटेज को जब्त कर लिया है और उसके आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल जांच जारी है।
