CG Breaking: राजधानी रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में राशन कार्ड धारकों के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है। सत्यापन प्रक्रिया के दौरान यदि किसी राशन कार्ड में एक भी सदस्य का नाम कट जाता है, तो पूरे परिवार का राशन बंद हो रहा है। इस तकनीकी सख्ती के चलते अब तक राज्यभर में 12 लाख से अधिक लोगों को राशन नहीं मिल पा रहा है।
राशन बंद होने की शिकायतें खाद्य संचालनालय तक पहुंच चुकी हैं। खाद्य विभाग के अधिकारी लगातार दावा कर रहे हैं कि किसी भी पात्र हितग्राही का राशन नहीं रोका जाना है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि ऑनलाइन सिस्टम में राशन का आवंटन ही नहीं हो पा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि बार-बार अपील के बावजूद कई लोगों ने ई-केवाईसी नहीं कराई, इसी वजह से अब सख्ती की जा रही है।

राजधानी रायपुर की स्थिति भी चिंताजनक है। जिले में अब तक 15 हजार से अधिक लोगों का राशन रोका जा चुका है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग शिकायत लेकर खाद्य विभाग के कार्यालय पहुंच रहे हैं। अधिकारियों द्वारा उन्हें नजदीकी राशन दुकान से ई-केवाईसी कराने की सलाह देकर वापस भेजा जा रहा है।
खाद्य विभाग के अनुसार, हितग्राही अपने राशन दुकान पर जाकर या फिर घर बैठे मोबाइल के जरिए भी ई-केवाईसी कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल में ‘मेरा ई-केवाईसी’ ऐप डाउनलोड कर निर्देशों के अनुसार प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में कुल 82.18 लाख राशन कार्ड प्रचलन में हैं, जिनमें 2.73 करोड़ लोगों के नाम दर्ज हैं। इनमें से अब तक 2.30 करोड़ लोगों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, जबकि करीब 43 लाख लोग अभी भी सत्यापन से वंचित हैं।
खाद्य विभाग के अनुसार, राशन कार्ड में सभी सदस्यों की ई-केवाईसी अनिवार्य है। यदि कोई सदस्य अपात्र पाया जाता है या आधार एवं अन्य दस्तावेजों में गड़बड़ी होती है, तो सिस्टम पूरे परिवार का राशन रोक सकता है।

ई-पॉस मशीन बनी नई परेशानी
राशन दुकानदारों का कहना है कि नई ई-पॉस मशीनें ठीक से काम नहीं कर रही हैं। मशीनें बार-बार खराब हो रही हैं और ब्लूटूथ कनेक्टिविटी में दिक्कत आ रही है। शिकायत के बाद भी तकनीकी टीम एक-दो दिन बाद पहुंचती है, जिससे राशन वितरण प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों का कहना है कि पुरानी मशीनें ज्यादा बेहतर थीं, लेकिन जबरन नई मशीनें थमा दी गईं।
ऑनलाइन अपडेट होते ही मिलेगा राशन
जिला खाद्य नियंत्रक रायपुर भूपेंद्र मिश्रा ने कहा कि जिन लोगों का राशन रुका है, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। ई-केवाईसी पूरी होते ही सिस्टम में ऑनलाइन अपडेट हो जाएगा और राशन मिलना शुरू हो जाएगा।
