CG Weather Update: सरगुजा में जमी बर्फ, मैनपाट में पारा 2°; दुर्ग में सामान्य से 5.3° कम तापमान, इन इलाकों में शीतलहर का अलर्ट

CG Weather Update

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में शीतलहर का असर और तेज हो गया है। प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सरगुजा संभाग के कई इलाकों में ओस की बूंदें जमकर बर्फ जैसी स्थिति बन गई है, वहीं मैनपाट में रात का न्यूनतम तापमान गिरकर 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, दुर्ग में रात का तापमान सामान्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है, जबकि राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री कम रहा। ठंडी हवाओं के चलते सुबह और रात के समय ठिठुरन काफी बढ़ गई है।

पिछले 24 घंटों में अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान जगदलपुर में 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मैनपाट और सरगुजा के ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर सबसे ज्यादा देखा जा रहा है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में कई स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना जताई है। हालांकि, विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

रायपुर में आज का मौसम

राजधानी रायपुर में आज सुबह से धुंध छाई रहेगी। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। माना क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, नए साल तक ठंड का असर इसी तरह बना रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *