CG Loot: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में मोबाइल डीलर से 18 लाख रुपए की लूट का सनसनीखेज वारदात सामने आया है। रविवार देर रात स्कूटी सवार मोबाइल कारोबारी पर घात लगाकर हमला किया गया। ताबड़तोड़ हमले में कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद बदमाश पैसों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के कैलाश मोड़, सत्ती मंदिर के पास की है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित अनिल अग्रवाल राम मंदिर स्थित अग्रवाल इंटरप्राइजेज इंद्रप्रस्थ के संचालक हैं। वह रविवार रात अपने सब-डीलरों से करीब 20 लाख रुपए की कलेक्शन कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से कारोबारी जमीन पर गिर पड़े और आरोपी बैग लेकर मौके से भाग निकले।

घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक आरोपी पहले बैग छोड़कर भागता दिखता है, फिर वापस आकर उसी बैग को उठाकर दौड़ते हुए नजर आता है। घायल कारोबारी को लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को इनपुट मिला कि वारदात के बाद आरोपी जगदीशपुर गांव के खेत में पैसों का बंटवारा कर रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने लूट की गई 18 लाख रुपए बरामद कर ली है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले पीड़ित के दुकान में कर्मचारी रह चुके हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों की पहचान कर ली है और तलाशजारी है।
