Raipur Breaking: छत्तीसगढ़ के सरकारी दफ्तरों में कामकाज ठप, 11 सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारियों का हड़ताल

छत्तीसगढ़ के सभी सरकारी दफ्तरों में कामकाज ठप, 11 सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारियों का हड़ताल

Raipur Breaking: छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर प्रदेशभर के शासकीय कर्मचारियों का आज 29 दिसंबर से 31 दिसंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल शुरू हो गया है। प्रदेशभर के 54 विभागों के हजारों सरकारी कर्मचारी ‘काम बंद-कलम बंद’ हड़ताल पर हैं। इस दौरान प्रदेश के अधिकांश सरकारी दफ्तरों में कामकाज पूरी तरह ठप है।

कर्मचारी अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसमें केंद्र के समान महंगाई भत्ता भी शामिल है।
रायपुर के इंद्रावती भवन में कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं और हड़ताल के तहत कामकाज ठप है।

कर्मचारी संगठनों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगें लंबित हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। ऐसे में मजबूर होकर हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। संगठनों ने स्पष्ट किया है कि यदि समय रहते मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं हुआ, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

इन 11 मांगों को लेकर कर्मचारी करेंगे हड़ताल

1. केंद्र सरकार के समान कर्मचारियों और पेंशनरों को देय तिथि से महंगाई भत्ता (डीए) लागू किया जाए।

2. डीए एरियर्स की राशि कर्मचारियों के जीपीएफ खाते में समायोजित की जाए।

3. सभी कर्मचारियों को चार स्तरीय समयमान वेतनमान का लाभ दिया जाए।

4. लिपिक, शिक्षक, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न संवर्गों की वेतन विसंगतियों को दूर करने हेतु पिंगुआ समिति की रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।

5. प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना करते हुए संपूर्ण सेवा लाभ दिया जाए तथा पंचायत सचिवों का शासकीयकरण किया जाए।

6. सहायक शिक्षकों एवं सहायक पशु चिकित्सा अधिकारियों को तृतीय समयमान वेतनमान प्रदान किया जाए और नगरीय निकाय कर्मचारियों को नियमित मासिक वेतन व समयबद्ध पदोन्नति मिले।

7. अनुकंपा नियुक्ति नियमों में 10 प्रतिशत सीलिंग में शिथिलीकरण किया जाए।

8. प्रदेश में कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू की जाए।

9. अर्जित अवकाश नगदीकरण की सीमा 300 दिवस की जाए।

10. दैनिक, अनियमित एवं संविदा कर्मचारियों को नियमित करने के लिए ठोस नीति बनाई जाए।

11. सभी विभागों में समानता लाते हुए कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष की जाए।

कर्मचारी संगठनों ने सरकार से अपील की है कि हड़ताल से पहले ही मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर कर्मचारियों को राहत दी जाए, ताकि आंदोलन की स्थिति न बने।

CG News: 29 दिसंबर से छत्तीसगढ़ के सरकारी दफ्तरों में ठप रहेगा कामकाज, कर्मचारी करेंगे हड़ताल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *