Khairagarh News: छुईखदान विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला खैरबना में बीते एक सप्ताह से छात्राओं के बार-बार बेहोश होने की घटनाओं ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। स्कूल परिसर में कदम रखते ही खासतौर पर तीसरी कक्षा की छात्राएं अचानक बेसुध होकर गिर रही हैं। अब तक दर्जनों छात्राएं प्रभावित हो चुकी हैं, जिससे स्कूल में दहशत और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रभावित छात्राओं को तत्काल प्राथमिक उपचार और जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने ब्लड जांच सहित अन्य चिकित्सकीय परीक्षण किए, लेकिन किसी भी तरह की शारीरिक बीमारी, या संक्रमण के संकेत नहीं मिले। सभी मेडिकल रिपोर्ट सामान्य आने के बाद मामले की वजह को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। कई छात्राएं कुछ समय बाद सामान्य भी हो जा रही हैं।



घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने स्वयं स्कूल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने BMO को निर्देश दिए कि प्रभावित छात्राओं की मनोवैज्ञानिक जांच कराई जाए। इसके बाद छात्राओं को सिविल अस्पताल खैरागढ़ लाया गया।
स्वास्थ्य विभाग के प्रारंभिक आकलन में इस पूरे मामले को मास हिस्टीरिया यानी सामूहिक मानसिक प्रभाव से जुड़ा बताया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, भय, तनाव या आशंका की स्थिति में बच्चे एक-दूसरे को देखकर समान लक्षण महसूस करने लगते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं।
फिलहाल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामला स्पष्ट हो सकेगा।
