Durg Police: पुलिसकर्मी ने अपराधी का मनाया जन्मदिन, वीडियो वायरल होते ही निलंबित

Durg Police

Durg Police: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस विभाग की छवि को झटका देने वाला मामला सामने आया है। छावनी थाना में पदस्थ एक आरक्षक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया है।

tcw

मिली जानकारी के अनुसार, आरक्षक नितिन सिंह राजपूत का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह जिलाबदर बदमाश शेख अब्बास खान के साथ जन्मदिन मनाते और केक काटते नजर आ रहा है। वीडियो में आरोपी का एक परिजन भी मौजूद बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि शेख अब्बास खान पहले भी ड्रग्स और अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है।

वीडियो वायरल 

वीडियो के सामने आते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे अनुशासनहीनता और आपराधिक तत्वों से संदिग्ध संबंध का मामला माना।

DIG ने किया तत्काल निलंबन

मामले में दुर्ग रेंज के डीआईजी विजय अग्रवाल ने सख्त रुख अपनाते हुए आरक्षक नितिन सिंह राजपूत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। आदेश में कहा गया है कि आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के साथ इस तरह का मेलजोल संदिग्ध आचरण की श्रेणी में आता है।

इस घटना के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और अनुशासन पर सवाल उठने लगे हैं। विभाग का मानना है कि इस तरह की हरकतें पुलिस की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं और जनता में गलत संदेश देती हैं।

रक्षित केंद्र में अटैच, जांच जारी

कार्रवाई के तहत निलंबित आरक्षक को रक्षित केंद्र दुर्ग से अटैच किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उसे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे और कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *