Raipur Murder: रायपुर ढाबे में युवक की चाकू मारकर हत्या, सीने में किया हमला

Raipur Murder

Raipur Murder: राजधानी से सटे खरोरा थाना क्षेत्र में देर रात चाकूबाजी का मामला सामने आया है। खरोरा-रायपुर मेन रोड पर ग्राम बरौंडा के पास स्थित किंग द ढाबा एंड रेस्टोरेंट के सामने अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि तीन बदमाश लूट की नीयत से पहुंचे थे और विरोध करने पर युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गए।

KTM बाइक से आए बदमाश

जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे तीन अज्ञात युवक ऑरेंज रंग की KTM मोटरसाइकिल से खरोरा की ओर से आए और ढाबे के सामने रुके। पहले उन्होंने बलौदाबाजार जाने का रास्ता पूछा, फिर अचानक चाकू निकालकर लूटपाट शुरू कर दी।

लूट का विरोध करने पर सीने में मारा चाकू

बदमाशों ने ढाबे के बाहर बैठे शिवकुमार साहू का मोबाइल फोन छीन लिया। शिवकुमार द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उसके सीने पर चाकू से प्राणघातक वार कर दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

दोस्तों के साथ पार्टी करने आया था युवक

बताया जा रहा है कि शिवकुमार साहू अपने 11 दोस्तों के साथ किंग ढाबा पार्टी करने आया था। शिवकुमार और उसके साथी सिलतरा आबकारी वेयरहाउस में कार्यरत थे। घटना के समय शिवकुमार समेत दो युवक ढाबे के बाहर बैठे हुए थे।

जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फरार आरोपियों की तलाश में रायपुर सहित आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *