Raipur IND vs SA One-Day Match: नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 3 दिसंबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा डे-नाइट वनडे मैच खेला जाएगा। इस मैच में करीब 50 हजार दर्शकों की भीड़ अनुमानित है। दर्शकों को बेहतर मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध कराने के लिए BSNL और रिलायंस JIO ने स्टेडियम और उसके आसपास अस्थायी टॉवर लगाने और फ्रीक्वेंसी बढ़ाने का काम शुरू कर दिया है।

BSNL ने मीडिया बॉक्स, वीआईपी ज़ोन, पैवेलियन और ड्रेसिंग रूम में मजबूत नेटवर्क तैयार किया है, जिससे वाईफाई कनेक्टिविटी में किसी तरह की समस्या नहीं आएगी। इसके अलावा BSNL स्टेडियम के 500 मीटर के दायरे में लगे हाई-पावर एंटिना की रेंज बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि सत्यसाई अस्पताल के पास, एंट्री गेट के बगल और रेलवे ट्रैक की ओर लगे तीनों बीटीएस टावरों की फ्रीक्वेंसी मैच के दिन बढ़ा दी जाएगी।
उधर, JIO भी नेटवर्क को बेहतर बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। एक स्थायी टॉवर के अलावा JIO दो और अस्थायी टॉवर लगा रहा है। इसके लिए संबंधित प्राधिकरण से अनुमति मिल चुकी है।

ब्रॉडकास्ट की जिम्मेदारी BSNL के पास
अंतरराष्ट्रीय प्रसारण के लिए BSNL ने स्टेडियम तक फाइबर ऑप्टिक की विशेष लाइन बिछा रखी है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पदाधिकारी और BSNL से सेवानिवृत्त जीएस मूर्ति के अनुसार, अंडरग्राउंड लीज लाइन के कारण प्रसारण में किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी। हाई-क्वालिटी प्रसारण के लिए आवश्यक बैंडविड्थ भी BSNL प्रदान करेगा।
स्पाइडर कैमरा और 65 कैमरों से होगी कवरेज
मैच कवरेज के लिए BCCI की 50 सदस्यीय ब्रॉडकास्ट टीम रायपुर पहुंचने वाली है। निरीक्षण के बाद स्टेडियम में स्पाइडर कैमरा लगाने की सिफारिश की गई है, जो मैदान के बीच में केबल के सहारे लगाया जाएगा। इसके अलावा दर्शकदीर्घा और विभिन्न एंगल से कवरेज के लिए लगभग 65 कैमरे 30 नवंबर तक इंस्टॉल कर दिए जाएंगे।
Raipur IND-SA One-Day Match: रायपुर में फिर शुरू हुई ऑनलाइन टिकट बुकिंग, अब तक 80% टिकट बुक
