Raipur DG Conference 2025: रायपुर में 3 दिन रहेंगे PM मोदी-शाह, बंगले सजकर तैयार; चखेंगे मेथी-सरसों साग, बथुआ भाजी का स्वाद  

Raipur DG Conference 2025: नवा रायपुर में 28 से 30 नवंबर तक होने वाली 60वीं अखिल भारतीय डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ठहरने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दोनों 28 नवंबर की शाम रायपुर पहुंचेंगे और तीन दिन तक नवा रायपुर में ही रहेंगे।
प्रधानमंत्री को स्पीकर हाउस एम-1 में और गृह मंत्री अमित शाह को वित्त मंत्री आवास एम-11 में ठहराया जाएगा। दोनों बंगले वीवीआईपी मानकों के अनुसार पूरी तरह सुसज्जित कर दिए गए हैं।
बंगले में ही बनेगा खाना, स्थानीय साग-सब्जियों का स्वाद चखेंगे
तीन दिनों तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के लिए भोजन इन्हीं बंगलों में तैयार किया जाएगा। इसके लिए एक बड़े होटल के अनुभवी शेफ को नियुक्त किया गया है। मेन्यू में पालक साग, मेथी-सरसों साग, बथुआ भाजी, पत्तागोभी और फूलगोभी जैसी स्थानीय और मौसमी सब्जियां शामिल की गई हैं।
दोनों बंगले वाई-फाई से लैस, मिनी PMO बने बंगले
डोभाल का सर्किट हाउस में रूम नवीन सर्किट हाउस में एनएसए अजीत डोभाल के लिए कमरा तैयार कर लिया गया है। वीवीआईपी के लिए यहां 6 सूइट रूम बनाए गए हैं। इनके साथ डिप्टी एनएसए अनीश दयाल सिंह, आईबी चीफ तपन डेका, केंद्रीय गृह सचिव और केंद्रीय गृह राज्य मंत्रियों के ठहरने की भी व्यवस्था की गई है। प्रधानमंत्री के ठहरने के लिए एम-1 को पीएम हाउस की तरह तैयार किया जा रहा है। यहां पीएमओ के अधिकारी भी रुकेंगे। कॉन्फ्रेंस हॉल में मिनी पीएमओ बनाया जा रहा है।
पूरा बंगला वाई-फाई से लैस होगा। हर कमरे में स्मार्ट टीवी लगाया जा रहा है। कॉन्फ्रेंस हॉल में आधा दर्जन टीवी लगाए जाएंगे, जिन पर कई चैनल एक साथ चलते रहेंगे। मीटिंग के लिए अलग कॉन्फ्रेंस रूम बनाया गया है, जिसमें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा रहेगी। गार्डन को फूलों से सजाया गया है और इसके लिए बेंगलुरु व केरल से विशेष फूल मंगाए गए हैं।
एम-11 में होगा HMO 
केंद्रीय गृहमंत्री के लिए एम-11 को पूरी तरह से तैयार कर लिया गया है। सभी कमरे सुसज्जित हैं और नए फर्नीचर यहां लाए गए हैं। उनके साथ आने वाले अधिकारियों के लिए कैंपस के भीतर ही अलग ठहरने की व्यवस्था की गई है। यहां भी मीटिंग के लिए कॉन्फ्रेंस हॉल बनाया गया है तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। वीआईपी मुलाकातों के लिए अलग व्यवस्था की गई है। गार्डन में उनकी पसंद के अनुसार पौधे लगाए गए हैं।
अस्थाई पीएम हाउस
  • 5 बेडरूम
  • 2 ड्रॉइंग रूम
  • 1 लिविंग रूम
  • 2 वेटिंग रूम
  • 1 कॉन्फ्रेंस हॉल
  • 1 मिनिस्ट्री चेंबर
  • 6 ओएसडी रूम
  • 4 ऑफिस
अस्थाई एचएम हाउस
  • 3 बेडरूम
  • 1 मिनिस्ट्री चेंबर
  • 1 कॉन्फ्रेंस हॉल
  • 1 हॉल
  • 6 ऑफिसर रूम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *