Bilaspur Theft, बैंक मैनेजर के घर चोरी, छत का दरवाजा काटकर घुसे चोर; साढ़े 3 लाख का कैश-जेवर लेकर फरार

Bilaspur Theft

Bilaspur Theft: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में चोरी का मामला सामने आया है। जहां ग्रामीण बैंक के असिस्टेंट मैनेजर के सूने मकान में साढ़े 3 लाख की चोरी हुई है। 23 नवंबर को बैंक मैनेजर परिवार सहित शादी में गए थे, दूसरे दिन घर लौटने पर ताला टूटा मिला। अलमारी में रखे कैश और गहने गायब थे। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, चोर मकान के छत के रास्ते से अंदर घुसे थे। ऊपर बने दरवाजे को काटकर अंदर की कुंडी खोली थी और सीढ़ी के रास्ते से नीचे आए थे। दूसरे दरवाजे का कुंडा उखड़ा हुआ था। फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।

शादी में गए थे, अगले दिन लौटे तो घर में चोरी हो गई थी

नंद विहार कॉलोनी के रहने वाले विनोद पाठक छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक में असिस्टेंट मैनेजर हैं। उनका मंगला चौक में रियल हेवन्स के पीछे मकान है। जहां वो अपने परिवार के साथ रहते हैं।

23 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे वो परिवार के साथ सकरी स्थित नारायण मंगलम में अपने भतीजे की शादी में शामिल होने गए थे। इस दौरान उनके मकान में ताला बंद था।

शादी में शामिल होने के बाद वो 24 नवंबर की दोपहर करीब 2 बजे अपने घर लौटे तो मकान का ताला टूटा मिला। घर के अंदर जाने पर पता चला कि पूरा सामान बिखरा हुआ था। वहीं, अलमारी खुली थी।

1.50 कैश और गहने ले गए चोर

अलमारी चेक करने पर उसमें से दो सोने की बाली, एक सोने का चेन, एक जोड़ी सोने के टाप्स, सोने की 2 अंगूठी, चांदी की 2 थाली, चांदी की 4 कटोरी, चांदी की गिलास, चांदी का प्लेट, चांदी का लोटा, चांदी की चम्मच, चांदी का पायल, चांदी का करधन, चांदी के करीब 50 सिक्के, और अलमारी में रखे 1 लाख 50 हजार रुपए सहित 3 लाख 50 हजार रुपए के जेवर व कैश गायब थे। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

रेकी करने के बाद चोरी का शक

पुलिस का कहना है कि सूने मकान की रेकी करने के बाद चोरी का शक है। चोर मुख्य दरवाजे से घुसने के बजाय छत के रास्ते से घुसे और आराम से चोरी की। इस दौरान चोरों के आने का पड़ोसियों को भी पता नहीं चला। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से संदेहियों की तलाश कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *