Delhi India Gate Narebaji: देश की राजधानी दिल्ली स्थित इंडिया गेट पर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां प्रदूषण के खिलाफ जुटी भीड़ के बीच अचानक कुछ युवक नक्सली कमांडर माड़वी हिड़मा के समर्थन में “हिड़मा जिंदाबाद” के नारे लगाने लगे। हाथों में पोस्टर लिए इन युवकों को देखकर वहां मौजूद लोगों और सुरक्षा बलों में हड़कंप मच गया। घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस और खुफिया एजेंसियां हरकत में आ गईं।

घटना वीडियो के माध्यम से सामने आने के बाद बस्तर IG सुंदरराज पी. ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नक्सल विचारधारा को बढ़ावा देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। IG ने चेतावनी दी कि चाहे कोई अर्बन नक्सली हो या सोशल मीडिया के जरिए नक्सल प्रोपेगेंडा फैलाने वाला, सभी पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि शहरों में इस तरह की गतिविधियां नक्सली नेटवर्क के नए पैटर्न की ओर संकेत करती हैं, जो सुरक्षा तंत्र के लिए गंभीर चुनौती है।
वहीं दिल्ली में माड़वी हिड़मा (Naxalite Madvi Hidma) के समर्थन में ‘लाल सलाम’ नारे लगाने के आरोप में 23 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही पॉल्यूशन प्रोटेस्ट के दौरान हंगामा मामले में 2 थानों में FIR दर्ज की गई है. आरोपियों पर BNS की धारा 223 A, 132,221, 121 A, 126 (2), 3 (5) के तहत दर्ज की गई है. सभी को दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जा रहा है. बता दें कि हिडमा की हाल ही में आंध्र प्रदेश में पुलिस मुठभेड़ में मौत हुई थी।

