Jagdalpur Murder: बस्तर जिले के करमरी गांव में घरेलू विवाद के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। खाना बनाने को लेकर हुए मामूली विवाद में पति ने पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया।
मृतका की पहचान पूर्णिमा उर्फ फुरनी बघेल के रूप में हुई है, जिसकी शादी रेंगा बघेल से करीब 15 साल पहले हुई थी। तीन बच्चों की मां फुरनी को उसके पति ने लकड़ी के बत्ते से बेरहमी से मारा। परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद वे तुरंत घर पहुंचे, जहां फुरनी को कमरे के भीतर मृत पाया गया। मृतका के सिर और नाक पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जो हमले की बर्बरता को दर्शाते हैं।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी रेंगा बघेल को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि पत्नी लगातार दो-तीन दिनों से उसे सुना रही थी, जिससे गुस्से में उसने हमला कर दिया। उसके इस बयान से परिवार और गांव के लोग हैरान हैं।
पुलिस ने हत्या का मामला (धारा 103) दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना में प्रयुक्त लकड़ी का बत्ता भी जब्त कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
