Durg Murder: दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में बिहार के मजदूर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक अपने भाई के साथ डुंडेरा स्थित पांडे आरा मिल में काम करता था। पुलिस ने मामले में पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान गया जिले के रहने वाले राहुल कुमार रजक (26) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, राहुल अपने भाई सोनू रजक के साथ आरा मिल में मजदूरी करता था। राहुल के व्यवहार को लेकर मिल के अन्य कर्मचारियों में नाराजगी थी। इसी विवाद के चलते मालिक ने उसके भाई सोनू को काम से निकाल दिया। सोनू वापस अपने गांव लौट गया, लेकिन राहुल उतई में ही रह गया था।
बताया जा रहा है कि 5 नवंबर की रात राहुल अपने कमरे में शराब पी रहा था, तभी आरा मिल के कुछ कर्मचारी वहां पहुंचे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और कर्मचारियों ने मिलकर राहुल की पिटाई कर दी। घायल हालत में आरोपियों ने उसे उतई बस स्टैंड के पास छोड़ दिया और वहां से फरार हो गए।

अगली सुबह 6 नवंबर को बस स्टैंड के पास राहुल का शव मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में बाहरी चोट ज्यादा नहीं दिखी, लेकिन शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में पता चला कि मौत अंदरूनी चोटों के चलते हुई है। इसके आधार पर पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज किया है।
पुलिस ने आरा मिल में काम करने वाले पांच संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अन्य संभावित आरोपियों की पहचान और तलाश जारी है।
