Bilaspur Train Accident: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेलवे ज़ोन में एक बार फिर बड़ा लापरवाही का मामला सामने आया है। कोरबा मेमू पैसेंजर ट्रेन के आगे और पीछे दो मालगाड़ियां एक ही ट्रैक पर खड़ी पाई गईं। यह घटना कोटमीसोनार और जयरामनगर स्टेशन के बीच हुई। अचानक तीन ट्रेनों के एक ही लाइन पर आने से यात्रियों में दहशत फैल गई। कई यात्री सुरक्षा के डर से ट्रेन से उतरकर ट्रैक किनारे खड़े हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत कंट्रोल रूम से संपर्क किया। इस पर बिलासपुर रेलवे जोन के CPRO सुष्कर विपुल विलासराव ने कहा कि यह ऑटोमैटिक सिग्नलिंग सिस्टम का सामान्य अनुचालन है और इसमें किसी तरह का खतरा नहीं था। उन्होंने यात्रियों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।

दो दिन पहले ही हुआ था बड़ा हादसा
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही लालखदान-गतौरा के बीच गेवरा रोड मेमू लोकल ट्रेन (68733) की खड़ी मालगाड़ी से टक्कर हो गई थी। इस हादसे में 11 लोगों की मौत और 20 लोग घायल हुए थे। उस हादसे का मंजर अभी पूरी तरह धुंधला भी नहीं पड़ा था कि एक ही ट्रैक पर तीन ट्रेनों का मिलना रेलवे सुरक्षा पर कई सवाल खड़े कर रहा है।
