Durg News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां बाल संप्रेषण गृह से तीन नाबालिग फरार हो गए। यह घटना रविवार रात पुलगांव थाना क्षेत्र के बाल संप्रेषण गृह की है। बताया जा रहा है कि तीनों नाबालिग 10 फीट की ऊंची दीवार फांदकर भाग निकले।
जानकारी के अनुसार, एक नाबालिग हत्या, दूसरा लूट, और तीसरा अन्य अपराध के मामले में बाल संप्रेषण गृह में रखा गया था। रविवार देर रात तीनों ने मौका पाकर दीवार फांदी और फरार हो गए। इसकी जानकारी मिलते ही प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

ASP ने की घटना की पुष्टि
एएसपी सुखनंदन राठौर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि बच्चों के भागने की सूचना मिली है। पुलिस ने कई टीमें गठित कर नाबालिगों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही, उनके परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि क्या वे बच्चों के संपर्क में हैं या नहीं।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
बाल संप्रेषण गृह और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि तीनों नाबालिगों के भागने के रास्ते और दिशा का पता लगाया जा सके।
पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
सूत्रों के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब नाबालिग बाल संप्रेषण गृह से भागे हों। इससे पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन संबंधित विभाग के अधिकारियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। अधिकारियों की लापरवाही के कारण ही यह एक और सुरक्षा चूक सामने आई है।
