Raipur Air Show: राजधानी रायपुर के एयरपोर्ट से उड़ने वाली पांच घरेलू उड़ानों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है। यह बदलाव 5 नवंबर को आयोजित होने वाले सूर्यकिरण एरोबेटिक एयर शो के चलते किया गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एयर शो के दौरान विमानों की टेकऑफ और लैंडिंग रोक दी जाएगी। (Raipur Flight Timing Change)

इस अवधि में लखनऊ, भुवनेश्वर और हैदराबाद की एक-एक फ्लाइट तथा दिल्ली की दो फ्लाइटों का समय रीशेड्यूल किया गया है। शनिवार को लखनऊ से आने वाली फ्लाइट 9:15 की जगह 8:15 पर ही पहुंच गई। वहीं दिल्ली की सुबह 8:40 वाली फ्लाइट अब 10:10 पर, हैदराबाद की 8:45 वाली फ्लाइट 12:20 पर, भुवनेश्वर की 1:25 वाली फ्लाइट 1:15 पर और दिल्ली की 1:45 वाली फ्लाइट 2:10 पर रायपुर पहुंचेगी। (Air Show Nava Raipur)
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे 4 और 5 नवंबर को अपनी फ्लाइट से जुड़ी जानकारी पहले से जांच लें क्योंकि रिहर्सल और एयर शो के दौरान उड़ानें प्रभावित रहेंगी।

5 नवंबर को होगा सूर्यकिरण एरोबेटिक शो (Surya Kiran Aerobatic Show Raipur)
भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम और आकाश गंगा पैराट्रूपर टीम पहली बार रायपुर के आसमान में अपने अद्भुत करतब दिखाएंगी। यह ऐतिहासिक एयर शो नवा रायपुर के सेंध तालाब के ऊपर आयोजित होगा, जहां हजारों लोग वायुसेना के शौर्य और तिरंगे की झिलमिलाती छटा का नज़ारा देख सकेंगे।
वायुसेना अधिकारियों ने बताया कि 4 नवंबर को रिहर्सल और 5 नवंबर की सुबह 10 बजे मुख्य कार्यक्रम होगा। सूर्यकिरण टीम के 9 फाइटर जेट्स करीब 40 मिनट तक लगातार आसमान में करतब दिखाएंगे। इनमें “बॉम्ब बर्स्ट”, “हार्ट इन द स्काई” और “एरोहेड” जैसे शानदार फार्मेशन शामिल रहेंगे।

पैराट्रूपर्स दिखाएंगे फ्री फॉल जंप
शो की सबसे रोमांचक झलक होगी आकाश गंगा टीम का प्रदर्शन, जिसमें कमांडो 10 हजार फीट की ऊंचाई से फ्री फॉल जंप करेंगे। यह वही तकनीक है जिसे दुनिया की स्पेशल फोर्स गुप्त अभियानों में अपनाती हैं।

वायुसेना अधिकारियों के मुताबिक, रायपुर के लोग पहली बार इतने करीब से सूर्यकिरण टीम और पैराट्रूपर्स के शौर्य का गवाह बनेंगे। राज्योत्सव के 25वें वर्ष में यह कार्यक्रम देशभक्ति और रोमांच का संगम साबित होने जा रहा है।
Suryakiran Aerobatic Show: 5 नवंबर को नवा रायपुर में होगा “एयर शो”, लाखों लोग जुटने का अनुमान
