Bhilai Fire: कबाड़ी दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

Bhilai Fire

Bhilai Fire: भिलाई-3 क्षेत्र में सोमवार तड़के एक कबाड़ी दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस हादसे में दुकान में रखे लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे की है। भिलाई-3 स्थित वकील खान की कबाड़ी दुकान से अचानक धुआं उठने लगा। आसपास के लोगों ने यह देखकर तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। थोड़ी ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।

अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि फायरकर्मी को दुकान के अंदर घुसकर आग बुझानी पड़ी। अगर समय पर दमकल टीम नहीं पहुंचती, तो आग आसपास की अन्य दुकानों और घरों तक फैल सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।

उन्होंने बताया कि आगजनी की घटना में किसी की जान नहीं गई है, लेकिन कबाड़ी दुकान में रखे कबाड़ और अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर खाक हो गई है।

स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी बाहरी चिंगारी से आग लगने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस और दमकल विभाग आगे की जांच में जुटे हुए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *