ACB-EOW Raid : रायपुर, दुर्ग, धमतरी और राजनांदगांव में 12 ठिकानों पर छापा, DMF घोटाले से जुड़ी जांच में बड़ी कार्रवाई

ACB-EOW Raid

ACB-EOW Raid : छत्तीसगढ़ में ACB और EOW की संयुक्त टीम ने शनिवार सुबह तड़के बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रायपुर, दुर्ग, धमतरी और राजनांदगांव जिलों में एक साथ 12 ठिकानों पर छापेमारी की गई है। कार्रवाई DMF (जिला खनिज संस्थान निधि) घोटाले से जुड़ी बताई जा रही है। इस रेड से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, रायपुर के वॉल फोर्ट कॉलोनी स्थित कारोबारी अमित कोठारी और अशोक कोठारी के फ्लैट पर छापा मारा गया है। टीम ने वहां से कई अहम वित्तीय दस्तावेज़ों की जांच शुरू कर दी है।

इसी तरह राजनांदगांव में राधा कृष्ण अग्रवाल, ललित भंसाली, यश नाहटा और रोमिल नाहटा के ठिकानों पर भी दबिश दी गई है। बताया गया है कि राधा कृष्ण अग्रवाल कोल माइंस और गवर्नमेंट सप्लाई के काम से जुड़े हैं, जबकि ललित भंसाली टेंट हाउस और हवाला कारोबार में सक्रिय हैं।

दुर्ग जिले के महावीर कॉलोनी में मनीष पारख, जो भिलाई में डायग्नोस्टिक सेंटर का संचालन करते हैं, उनके घर भी EOW की टीम पहुंची। वहीं धमतरी जिले में भी एक कारोबारी के ठिकाने पर छापा मारा गया है।

सूत्रों के मुताबिक, करीब 10 गाड़ियों में ACB-EOW की टीमें एक साथ रवाना हुई थीं। अधिकारी शासकीय सप्लाई, बैंक रिकॉर्ड और फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन की बारीकी से जांच कर रहे हैं। माना जा रहा है कि DMF घोटाले से जुड़े कई नए नाम इस कार्रवाई के बाद सामने आ सकते हैं।

फिलहाल, EOW या ACB की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन इस रेड के बाद प्रदेश के कारोबारियों में अफरा-तफरी का माहौल है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *