Durg News: छत्तीसगढ़ में 5000 शिक्षक भर्ती का विरोध, बेरोजगार युवाओं ने कहा- 57 हजार पदों का वादा, सिर्फ 5 हजार भर्ती से धोखा

Durg News: छत्तीसगढ़ में घोषित 5,000 शिक्षकों की भर्ती को लेकर विवाद बढ़ गया है। शिक्षक भर्ती साझा मंच की प्रांतीय समिति ने दुर्ग में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के निवास का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सरकार ने चुनावी वादे से मुकरते हुए बेरोजगार युवाओं के साथ धोखा किया है।

विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने “मोदी की गारंटी” के तहत दो साल में 57,000 शिक्षकों की भर्ती का वादा किया था, लेकिन अब केवल 5,000 पदों की घोषणा से नाराजगी बढ़ गई है।

युक्तियुक्तकरण नीति की आलोचना

शिक्षक भर्ती साझा मंच के आंदोलनकारियों ने अपने मांग पत्र में बताया है कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था चरमरा गई है। हजारों स्कूल बिना शिक्षकों के चल रहे हैं, जिससे लाखों विद्यार्थी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित हैं। (Durg Chhattisgarh shikshak Bharti virodh)

मंच ने राज्य सरकार के युक्तियुक्तकरण नीति की आलोचना की। उनका आरोप है कि इस नीति के तहत 10,463 सरकारी स्कूलों को बंद करने और 44,000 से अधिक शिक्षकीय पदों को समाप्त करने का निर्णय लिया गया है, जो शिक्षा के भविष्य को अंधकार में धकेल रहा है। (Chhattisgarh 5000 teacher recruitment Opposition)

भर्ती के अलावा 2 अन्य मांगे भी

यह मांग पत्र राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री, राज्यपाल और छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री को संबोधित किया गया है। मंच ने तत्काल सभी विषयों को शामिल करते हुए 57,000 शिक्षकों की भर्ती की मांग की है। इसके साथ ही इस भर्ती को मौजूदा वित्तीय वर्ष में पूरा करने और नए व्यापम कैलेंडर में परीक्षा तिथि के साथ शामिल करने की भी मांग की गई है।

आंदोलनकारियों ने युक्तियुक्तकरण और स्कूल मर्ज नीति को वापस लेने की भी मांग की। उन्होंने प्रत्येक स्कूल में कला और व्यायाम शिक्षकों को अनिवार्य करने तथा 14 सालों से लंबित कला संकाय व्याख्याताओं (हिंदी, संस्कृत, राजनीति, इतिहास, भूगोल और अर्थशास्त्र विषयों में) की भर्ती शीघ्र शुरू करने की भी मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *