PM Ujjwala Yojana: सरकार की दिवाली गिफ्ट, छत्तीसगढ़ में मिलेंगे 2.23 लाख नए उज्जवला गैस कनेक्शन, जल्द शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया

PM Ujjwala Yojana: दीपावली से पहले केंद्र सरकार ने जनता को बड़ी सौगात दी है। भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना (PMUY) के तहत देशभर में 25 लाख नए घरेलू LPG कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू की है। इसमें छत्तीसगढ़ राज्य को 2 लाख 23 हजार नए उज्जवला गैस कनेक्शन का लक्ष्य दिया गया है।

 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय राज्य की गरीब एवं जरूरतमंद महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार राज्य शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने आवेदन प्रक्रिया और वितरण के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

 

हितग्राहियों को 15 दिनों में दिए जाएंगे नवीन कनेक्शन

 

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा जारी विस्तृत दिशा-निर्देश के अनुसार सभी जिलों में जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला उज्जवला समिति का गठन किया जाएगा। इस समिति द्वारा जिले में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के क्रियान्वयन एवं प्राप्त आवेदनों की समय-सीमा में निराकरण के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। योजनांतर्गत पात्र परिवारों से नए गैस कनेक्शन के लिए आगामी 7 दिनों में आवेदन पत्र प्राप्त किए जाएंगे। जिले की गैस एजेंसियों द्वारा प्राप्त आवेदन पत्रों का परीक्षण एवं सत्यापन कर 15 दिनों में नवीन गैस कनेक्शन जारी करने की कार्यवाही की जाएगी।

 

नियद नेल्ला नार योजना अंतर्गत हितग्राहियों को दी जाएगी प्राथमिकता

 

नियद नेल्ला नार योजना अंतर्गत आने वाले बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर, कांकेर, दंतेवाड़ा जिलों में सर्वप्रथम हितग्राहियों को चिन्हांकित कर इन गांवों को विशेष प्राथमिकता देते हुए शत-प्रतिशत चिन्हांकित हितग्राहियों को उज्जवला गैस योजना के कनेक्शन दिए जाएंगे। पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए ऑयल कंपनियों के साथ समन्वय करते हुए सुगम नेटवर्क कनेक्टिविटी वाले क्षेत्रों का चयन कर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। योजनांतर्गत गैस कनेक्शन प्राप्ति के लिए बाकी सभी 34,425 परिवारों के आवेदन चिन्हांकित गांवों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों से प्राप्त आवेदनों के ई-केवाईसी के लिए कनेक्टिविटी वाले क्षेत्रों का चयन कर विशेष शिविर द्वारा उन्हें लाभान्वित किया जाएगा।

 

जिला स्तरीय उज्जवला समिति के कलेक्टर होंगे अध्यक्ष

 

प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों में से कम से कम 05 प्रतिशत आवेदनों का सत्यापन एवं परीक्षण जिला उज्जवला समिति द्वारा किया जाएगा। इसके लिए जिले की सभी गैस एजेंसियों की बैठक कर प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के नवीन गैस कनेक्शन जारी करने हेतु जानकारी प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला स्तरीय उज्जवला समिति में अध्यक्ष जिला कलेक्टर या उनके द्वारा अधिकृत कोई वरिष्ठ अधिकारी होंगे तथा समन्वयक सदस्य के रूप में जिला नोडल अधिकारी होंगे जो तेल विपणन कंपनी से होंगे। दो सदस्य अन्य दो तेल विपणन कंपनियों के अधिकारी होंगे। जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति अधिकारी एवं दो गैर-आधिकारिक सदस्य भी समिति में सदस्य होंगे।

 

योजनांतर्गत नवीन कनेक्शन हेतु जारी किए गए मापदंड निर्धारित

 

पीएमयूवाय के अंतर्गत नवीन गैस कनेक्शन हेतु पात्रता के लिए मापदंड निर्धारित किए गए हैं। इसके अनुसार यदि परिवार का कोई भी सदस्य 10,000 रूपए प्रति माह से अधिक कमाता हो, घर का कोई सदस्य सरकारी कर्मचारी हो, सरकार के पास पंजीकृत गैर-कृषि उद्यम वाले परिवार, किसान क्रेडिट कार्ड की 50,000 रूपए से अधिक की क्रेडिट सीमा वाले किसान, सिंचाई उपकरण के साथ 2.5 एकड़ से अधिक सिंचित भूमि के स्वामी, दो या अधिक फसल मौसमों के लिए 5 एकड़ या अधिक सिंचित भूमि के स्वामी, कम से कम 7.5 एकड़ या इससे अधिक भूमि के स्वामी जिनके पास कम से कम एक सिंचाई उपकरण हो, 30 वर्ग मीटर से अधिक कार्पेट क्षेत्र वाले मकान के स्वामी, स्वयं की मोटर चालित तीन या चार पहिया वाहन अथवा मछली पकड़ने वाली नाव अथवा यंत्रीकृत तीन या चार पहिया कृषि उपकरण के मालिक एवं ऐसे परिवार जिनके पास पूर्व से ही एलपीजी कनेक्शन हैं, वे योजनांतर्गत लाभ पाने हेतु अपात्र होंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *