Raipur Thar Murder: राजधानी रायपुर में शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां ब्लैक थार वाहन के अंदर से एक अर्धनग्न युवक की सड़ी-गली लाश बरामद की गई। शव 2-3 दिन पुराना बताया जा रहा है। यह मामला आमानाका थाना क्षेत्र के टाटीबंध इलाके का है। बताया गया कि लाश की बदबू आने पर एक राहगीर ने खिड़की से झांककर देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

शोरूम के बाहर खड़ी थी थार
मिली जानकारी के अनुसार, मृत युवक का शव रालास महिंद्रा शोरूम के सामने खड़ी थार गाड़ी (CG 04 PX 6888) से मिला। यह गाड़ी करीब 15 दिन पहले भिलाई-3 के पास एक्सीडेंट के बाद यहां लाकर खड़ी की गई थी। वाहन की खिड़की पूरी तरह से लॉक नहीं थी।
राहगीर को आई बदबू, तब हुआ खुलासा
शुक्रवार शाम लगभग 6 बजे के आसपास एक व्यक्ति जब सर्विस रोड से गुजर रहा था, तभी उसे गाड़ी से तेज दुर्गंध आने लगी। शक होने पर उसने भीतर झांका तो पिछली सीट पर एक अर्धनग्न युवक की लाश दिखाई दी। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

फोरेंसिक टीम शुरू की जांच
सूचना मिलते ही आमानाका पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। थार को सील कर जांच शुरू की गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी भेजा गया है। फोरेंसिक टीम ने वाहन से सैंपल लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा।
अब तक मृतक की पहचान नहीं
पुलिस के अनुसार, मृत युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट्स की जांच की जा रही है ताकि युवक की पहचान की जा सके।
आमानाका थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक रूप से यह शव 2-3 दिन पुराना लग रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के कारणों का खुलासा हो सकेगा। हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।
