CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में मानसून अब विदाई की ओर है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां लगभग थम गई हैं और मौसम शुष्क हो गया है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। हालांकि मानसून पूरी तरह से नहीं गया है, लेकिन मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले 24 घंटों के भीतर यह प्रदेश से लौट जाएगा।

मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में छत्तीसगढ़ में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 33.4 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे ज्यादा बारिश कुटरु में 5 सेंटीमीटर दर्ज की गई है। बीजापुर और गंगालूर में 3 सेंटीमीटर बारिश हुई है।
कहां-कितनी हुई बारिश
कुटरु 5 सेमी, बीजापुर और गंगालूर 3 सेमी, भोपालपटनम, दरभा, गादीरास और भैरमगढ़ 2 सेमी, जबकि सुकमा, कटेकल्याण, जगरगुंडा, गीदम, नानगुर, बास्तानार, तोकापाल और दोरनापाल में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई है।

राजधानी रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में गुरुवार को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। तापमान 23 डिग्री सेल्सियस से लेकर 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि अब आने वाले दिनों में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जाएगी और धीरे-धीरे ठंड का असर बढ़ेगा।
