CG News: बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में बीती रात एक बड़ी उठाईगिरी की वारदात सामने आई है। अंबिकापुर निवासी सराफा व्यापारी किशोर कुमार को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने उनके बैग से करीब 90 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। घटना की जानकारी मिलते ही रतनपुर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

बस में सफर के दौरान हुई चोरी
जानकारी के अनुसार, व्यापारी किशोर कुमार अपने व्यवसायिक काम से अंबिकापुर से रायपुर जा रहे थे। वे रॉयल ट्रैवल्स की बस में सफर कर रहे थे। बताया गया कि जैसे ही बस रतनपुर क्षेत्र से गुजरी, अज्ञात चोरों ने उनके बैग से नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। वारदात का पता तब चला जब बस रायपुर पहुंची और व्यापारी ने अपना सामान जांचा।
पुलिस ने शुरू की जांच
व्यापारी ने तुरंत रतनपुर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने बस के ड्राइवर, क्लीनर और स्टाफ से पूछताछ की है। साथ ही बस में सफर करने वाले सभी यात्रियों की सूची तैयार की जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी यात्री बनकर बस में सवार हुए थे और किसी एक स्टॉप पर उतर गए। पुलिस अब बस के सभी स्टॉपेज और मार्गों की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
