कोरबा: CG News: कोरबा जिले के लैंगा गांव से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। घरेलू विवाद ने एक ही परिवार की दो जिंदगियां लील लीं। शराब के नशे में पति ने पहले पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी, फिर अपराधबोध में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

घरेलू विवाद बना मौत की वजह
घटना पसान थाना क्षेत्र के लैंगा गांव की है। मृतक संतराम यादव (40) ट्रांसपोर्ट कंपनी में ड्राइवर था। शनिवार को उसने शराब पीकर घर में हंगामा मचाया। शाम होते-होते पत्नी अमृता बाई यादव (35) से झगड़ा इतना बढ़ गया कि संतराम ने गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी और फिर खुद फांसी के फंदे से झूल गया। उस वक्त उनके चार बच्चों में से दो घर पर मौजूद थे, जबकि बाकी दो किसी काम से बाहर गए हुए थे।

मौत के बाद भी गरीबों से वसूले पैसे
घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। लेकिन सबसे शर्मनाक पहलू यह रहा कि पोस्टमार्टम के लिए परिवार से चार हजार रुपए की वसूली की गई।

परिजनों के मुताबिक, पसान अस्पताल के कर्मचारियों ने सामग्री ख़रीदने के नाम पर ग्यारह हजार रुपए मांगे, जिसमें असमर्थ परिवार ने गांव के एक दुकानदार से कर्ज लेकर चार हजार रुपए दिए। इसके बाद ही शव का पोस्टमार्टम किया गया।
बाद में यह रकम सरपंच संतकली अयाम ने चुका दी। हालांकि पुलिस ने पैसे वसूले जाने के आरोपों से इनकार किया है।

पोस्टमार्टम घर के पीछे बाड़ी में
जानकारी के अनुसार, पसान अस्पताल में पोस्टमार्टम की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, इसलिए डॉक्टरों ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम उनके घर के पीछे की बाड़ी में ही किया। जहां कभी संतराम और अमृता अपने बच्चों के साथ रहते थे, उसी आंगन के पीछे उनका पोस्टमार्टम हुआ।
