Bijapur Breaking: बीजापुर में नक्सलियों ने भाजपा कार्यकर्ता की गला घोंटकर हत्या की, शव के पास फेंका पर्चा

Bijapur Breaking:

Bijapur Breaking: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले से एक बड़ी वारदात की खबर सामने आई है। इलमिडी थाना क्षेत्र के ग्राम मुंजाल कांकेर में नक्सलियों ने भाजपा एसटी मोर्चा के उपाध्यक्ष सत्यम पुनेम की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि यह घटना सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात की है। नक्सलियों ने हत्या के बाद शव के पास पर्चा फेंककर इस वारदात की जिम्मेदारी ली है।

मुखबिरी के शक में की हत्या

जानकारी के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ता सत्यम पुनेम पिछले कुछ समय से नक्सलियों के निशाने पर था। उन्हें कई बार चेतावनी भी दी गई थी। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात करीब 4 से 5 नक्सली सादे कपड़ों में पूनम के घर पहुंचे और रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद नक्सलियों ने घटनास्थल पर पर्चा फेंका, जिसमें मद्देड एरिया कमेटी ने इस वारदात की जिम्मेदारी ली है।

मौके पर पुलिस बल रवाना

बीजापुर एसपी डॉ. जितेंद्र यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस बल को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और नक्सलियों की तलाश में सुरक्षा बलों की टीम सक्रिय है।

गृहमंत्री विजय शर्मा का बयान

इस घटना पर छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा – बस्तर की जनता ने स्पष्ट कह दिया है कि नक्सलवाद खत्म होना चाहिए। अब नक्सली संगठनों के भीतर भी बदलाव की हवा चल रही है। बहुत से नक्सली मुख्यधारा में शामिल हो रहे हैं और सरकार ऐसे लोगों का स्वागत करेगी।

गृहमंत्री ने बताया कि लगभग एक वर्ष पहले गढ़चिरौली में एक नक्सली दंपती ने आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद कई अन्य भी सरेंडर कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग हिंसा की राह छोड़कर समाज की मुख्यधारा में आना चाहते हैं, सरकार उन्हें नीति के तहत सभी सुविधाएं देगी, लेकिन जो निर्दोषों की हत्या में शामिल हैं, उनसे सख्ती से निपटा जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *