CG News: रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक शिक्षक शराब के नशे में स्कूल पहुंच गया और बच्चों के सामने जमकर हंगामा किया। मामला लैलूंगा ब्लॉक के लारीपाली गांव स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का है, जहां व्याख्याता (LB) पद पर पदस्थ शिक्षक ने गुरुवार को शराब के नशे में स्कूल में प्रवेश कर प्राचार्य और शिक्षकों से बदसलूकी की।

स्कूल के स्टाफ ने नशे में हंगामा कर रहे शिक्षक महेश राम सिदार का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वीडियो में शिक्षक जोर-जोर से चिल्लाते हुए कह रहा है- “बोलने का अधिकार नहीं है मेरे को? भगवान ने दिया है, ईश्वर ने दिया है।”
पहले क्लास में घुसा, फिर गाली-गलौज शुरू की
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे महेश राम (Teacher Mahesh Ram Sidar arrested) नशे में स्कूल पहुंचा और अटेंडेंस रजिस्टर में हस्ताक्षर कर चला गया। दोपहर करीब 2 बजे वह फिर लौटा और कक्षा नौवीं की चल रही क्लास में घुस गया। उसने बच्चों को डांटना शुरू किया और वहां मौजूद शिक्षक से भी बहस करने लगा।
प्राचार्य बलराम प्रसाद नायक जब पहुंचे और उसे बाहर जाने को कहा, तो महेश राम भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। उसने स्कूल स्टाफ से भी उलझते हुए कहा कि उसे ईश्वर ने बोलने का अधिकार दिया है।
पहले देखिए इन तस्वीरों को…



डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को दी सूचना
जब स्थिति नियंत्रण से बाहर हुई, तो स्कूल स्टाफ ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस पहुंची और शिक्षक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। बाद में स्कूल प्रबंधन ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत लैलूंगा थाने में दर्ज कराई।
पहले भी कर चुका है हंगामा
स्कूल प्राचार्य ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब महेश राम ने शराब के नशे में स्कूल में हंगामा किया हो। वह पहले भी कई बार नशे में बच्चों और स्टाफ के साथ गलत व्यवहार कर चुका है।
जांच में जुटी पुलिस
लैलूंगा थाना प्रभारी रोहित बंजारे ने बताया कि स्कूल से लिखित शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
