Durg Tractor Accident: ट्रैक्टर-ट्रॉली में दबे स्कूटी सवार मां-बेटी, पिता के आंखों के सामने दोनों की दर्दनाक मौत

Durg Tractor Accident:

Durg Tractor Accident: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार मां-बेटी की मौत हो गई। मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के वक्त पति और पिता विकास साहू खुद स्कूटी चला रहे थे। आंखों के सामने पत्नी और डेढ़ साल की बेटी को मरते देख वह सदमे में है।

यह हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-5, भारतीय दयानंद आर्य उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास दोपहर करीब 12 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, विकास साहू (30) अपनी पत्नी और डेढ़ साल की बेटी के साथ किसी काम से निकले थे। सड़क पर मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली (सीजी 07 डी 3977 / सीजी 07 एन 4992) को देखकर उन्होंने स्कूटी रोकी, तभी झटके से पीछे बैठी मां-बेटी गिर गईं और ट्रॉली के पिछले पहियों के नीचे आ गईं। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि एक हफ्ते पहले ही परिवार ने बेटी का जन्मदिन मनाया था।

पहले देखिए इन तस्वीरों को…

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया हादसे का मंजर

प्रत्यक्षदर्शी चुम्मन देशमुख ने बताया कि स्कूटी सवार परिवार सामने से आ रहे ट्रैक्टर को देखकर साइड में रुकने की कोशिश कर रहा था, तभी यह हादसा हुआ। ट्रॉली के पिछले पहिए के नीचे आने से मां और बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।

सड़क पर नहीं है स्पीड ब्रेकर

स्थानीय निवासी दिनेश देवांगन ने बताया कि यह सड़क बेहद व्यस्त है। आसपास तीन-चार स्कूल हैं, लेकिन सड़क पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने से वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं। दोपहर में बच्चों के आने-जाने के समय यहां हमेशा भीड़ रहती है।

पुलिस ने ट्रैक्टर ड्राइवर को हिरासत में लिया

कोतवाली पुलिस ने ट्रैक्टर ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। ट्रैक्टर और ट्रॉली के मालिक की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *