CG News: सूरजपुर जिला अस्पताल में मंगलवार सुबह एक नवजात शिशु को लेकर दो परिवारों में जमकर हंगामा हो गया। दोनों परिवारों ने बच्चे पर अपना-अपना दावा जताया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस सहायता केंद्र और अस्पताल स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
जानकारी के अनुसार, दस दिन पहले अस्पताल में दो महिलाओं ने बच्चों को जन्म दिया था। मंगलवार को उनमें से एक दंपति अपने नवजात को लेकर अस्पताल से घर लौट रहा था। उसी दौरान दूसरी दंपति की मां ने बच्चे को देखकर दावा किया कि यह उसका पोता है। उसने बच्चे को छीनने की कोशिश की और “ये तुम्हारा नहीं, मेरा बच्चा है…” कहकर जोर-जोर से चिल्लाने लगी। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई।

स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल स्टाफ ने तुरंत पुलिस सहायता केंद्र को सूचना दी। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों परिवारों को शांत कराया। पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के बाद स्पष्ट हुआ कि बच्चा पहले दंपति का ही था। इसके बाद महिला को अपनी गलती का अहसास हुआ और उसने माफी मांगी।
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए नवजात पहचान प्रणाली को और मजबूत किया जाएगा। पुलिस और अस्पताल स्टाफ की तत्परता से विवाद शांतिपूर्वक सुलझ गया।
