Banda News: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बड़ोखर खुर्द इलाके में एक 7 वर्षीय बच्चे की पटाखा फटने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना में उसके छोटे भाई सूरज भी घायल हुआ है। दोनों भाई रास्ते में मिले अधजले पटाखे से खेल रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मृतक आकाश ने पटाखा अपने मुंह में डाल लिया और उसे जलाने का प्रयास किया। इसी दौरान पटाखा उसके मुंह में ही फट गया, जिससे उसका चेहरा बुरी तरह जख्मी हो गया और उसकी मौत हो गई। छोटे भाई सूरज ने आकाश को बचाने की कोशिश की, लेकिन धमाके से उसे भी चोटें आईं।

परिवार के अनुसार, दोनों भाई माता के मूर्ति विसर्जन में शामिल होने गए थे, तभी रास्ते में पड़े अधजले पटाखे पर उनकी नजर पड़ी। पटाखा उठाने के बाद उन्होंने घर की चाबी मांगी और माचिस लेकर खेलने लगे।
घटना के बाद परिजन दोनों बच्चों को अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने 7 वर्षीय आकाश को मृत घोषित किया, जबकि घायल सूरज का इलाज चल रहा है। पुलिस ने आकाश के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
