CGPSC Chairman Appointment: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। चीफ जस्टिस कृष्णराम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की डिवीजन बेंच ने अध्यक्ष की नियुक्ति में देरी पर नाराजगी जताते हुए कहा है कि समय पर नियुक्ति नहीं होने पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने हाईकोर्ट को बताया कि CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। सरकार ने कोर्ट को आश्वासन दिया कि अगले दो सप्ताह के भीतर आयोग में अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी जाएगी।
कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त करने का दिया सुझाव
सुनवाई के दौरान मनोचिकित्सक विशेषज्ञों के पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू में हो रही देरी का मुद्दा भी सामने आया। याचिकाकर्ता की ओर से कोर्ट में कहा गया कि यदि नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति में समय लग रहा है तो इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी कराने के लिए कार्यवाहक अध्यक्ष की नियुक्ति की जा सकती है।
याचिकाकर्ता ने कहा कि अध्यक्ष नहीं होने के कारण भर्ती प्रक्रिया प्रभावित हो रही है, इसलिए अस्थायी व्यवस्था कर लंबित कार्य पूरे किए जाने चाहिए।
पहले भी दिए गए थे निर्देश
बता दें कि हाईकोर्ट ने 26 अक्टूबर 2026 को इस मामले में सुनवाई करते हुए CGPSC और राज्य सरकार को 10 दिन के भीतर अध्यक्ष या कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त करने के निर्देश दिए थे।
कोर्ट ने कहा था कि अध्यक्ष की नियुक्ति कर भर्ती प्रक्रिया से जुड़े इंटरव्यू सहित अन्य जरूरी काम पूरे कराए जाएं। हालांकि, तय समय के बाद भी नियुक्ति को लेकर कोई ठोस प्रगति नहीं होने पर हाईकोर्ट ने फिर सख्ती दिखाई है।
14 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई
हाईकोर्ट ने CGPSC और राज्य सरकार को 14 दिसंबर 2026 को होने वाली अगली सुनवाई में नियुक्ति प्रक्रिया की प्रगति रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।
कोर्ट ने उम्मीद जताई है कि अगली सुनवाई तक आयोग में अध्यक्ष या कार्यवाहक अध्यक्ष की नियुक्ति हो जाएगी। यदि ऐसा नहीं होता है तो कानून के अनुसार सख्त कदम उठाए जा सकते हैं। सुनवाई के दौरान CGPSC की ओर से कुछ दस्तावेज भी पेश किए गए, जिन्हें हाईकोर्ट ने रिकॉर्ड में शामिल कर लिया है।

