CG Census 2027: 10 से 24 जनवरी तक खुद दर्ज कर सकेंगे जनगणना की जानकारी, 25 जनवरी से घर-घर पहुंचेगी टीम

cccc

CG Census 2027: छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार जनगणना का काम डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। प्रदेश में फरवरी 2027 तक जनसंख्या गणना पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए नागरिकों को अपनी जानकारी खुद दर्ज करने की सुविधा भी दी जाएगी।

10 से 24 जनवरी 2027 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यह प्रक्रिया पूरी तरह ऐच्छिक होगी। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर लोगों की जानकारी दर्ज करेंगे। वहीं 1 से 5 मार्च तक दर्ज आंकड़ों की जांच की जाएगी।

प्रदेश के सभी जिलों में होगी गणना

जनगणना के दूसरे चरण में प्रदेश के सभी 33 जिलों, 14 नगर निगमों, 19,978 गांवों और 195 शहरों को शामिल किया जाएगा। इस पूरे कार्य के लिए 62,102 प्रगणक और 10,667 पर्यवेक्षकों की तैनाती की जाएगी।

करीब छह प्रगणकों की निगरानी के लिए एक पर्यवेक्षक नियुक्त किया जाएगा। इस तरह 72 हजार से अधिक कर्मचारी जनगणना प्रक्रिया को पूरा करने में जुटेंगे। प्रदेश में करीब 60,682 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। प्रत्येक ब्लॉक में लगभग 800 लोगों की जानकारी दर्ज की जाएगी।

हर व्यक्ति से जुटाई जाएगी सामाजिक-आर्थिक जानकारी

जनगणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति से सामाजिक और आर्थिक स्थिति से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। इसमें परिवार के सदस्यों की संख्या, उम्र, दिव्यांगता, धर्म, जाति और प्रजनन संबंधी जानकारी शामिल होगी।

इन आंकड़ों के आधार पर केंद्र और राज्य सरकार भविष्य की विकास योजनाएं और नीतियां तैयार करती हैं। इसलिए लोगों से सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की गई है। नए बसाहटों, झुग्गी बस्तियों, बहुमंजिला इमारतों और व्यावसायिक भवनों को भी गणना में शामिल किया जाएगा।

CG SIR Form:

मोबाइल एप से दर्ज होगी जानकारी

जनगणना के लिए विशेष मोबाइल एप तैयार किया गया है। यह एप 16 भाषाओं में उपलब्ध रहेगा। इंटरनेट सुविधा नहीं होने पर भी इसमें जानकारी दर्ज की जा सकेगी।

स्व-गणना करने वाले नागरिकों को एक पहचान संख्या मिलेगी, जिसे घर पहुंचने वाले प्रगणक को बताना होगा। लोगों की निजी जानकारी सुरक्षित रखने के लिए पासवर्ड, ओटीपी और डेटा सुरक्षा तकनीकों का उपयोग किया जाएगा।

CG Census 2027:

कर्मचारियों को 5 चरणों में मिलेगा प्रशिक्षण

जनगणना कार्य में शामिल कर्मचारियों को पांच स्तरों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। राष्ट्रीय प्रशिक्षकों, मास्टर ट्रेनर्स और जिला स्तर के अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है।

फील्ड ट्रेनर्स को 2 से 12 दिसंबर तक जिला मुख्यालयों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को 21 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

मुख्य सचिव विकासशील ने कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर काम की नियमित निगरानी की जाए। साथ ही जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले पर रोक के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

दिसंबर से शुरू होगा जागरूकता अभियान

मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला में मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना का काम तय समय में और पूरी सावधानी के साथ पूरा किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को जनगणना की प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया जाए। उन्हें बताया जाए कि जनगणना में दी गई जानकारी केवल आंकड़े जुटाने के उद्देश्य से ली जाती है और इसका किसी प्रमाण पत्र या सरकारी योजना की पात्रता से कोई संबंध नहीं है।

दिसंबर मध्य से 28 फरवरी 2027 तक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों और बस्तर के हाट-बाजारों में भी लोगों को जनगणना प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी, ताकि सभी लोग बिना किसी भ्रम के इसमें सहयोग कर सकें।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *