CGMSCL Tender Cancel: रायपुर। छत्तीसगढ़ में मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में वितरण के लिए खरीदी जाने वाली 20 लाख मेडिकेटेड मच्छरदानियों की करीब 62 करोड़ रुपये की खरीदी प्रक्रिया को निरस्त कर दिया गया है। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन ने दरों में अंतर, रेट कॉन्ट्रैक्ट की अनदेखी और टेंडर की शर्तों को लेकर मिली शिकायतों के बाद यह निर्णय लिया है।
इस खरीदी प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। स्वास्थ्य संचालनालय की ओर से रेट कॉन्ट्रैक्ट के माध्यम से खरीदी करने का सुझाव दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद दवा निगम ने 20 लाख मच्छरदानियों के लिए एकमुश्त टेंडर जारी कर दिया था।
दर में अंतर को लेकर उठे सवाल
शिकायतकर्ताओं ने बाजार में उपलब्ध मच्छरदानियों की कीमत और सरकारी अनुमानित दर में अंतर को लेकर आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि बाजार में एक मच्छरदानी की कीमत करीब 225 से 250 रुपये के बीच है, जबकि सरकारी अनुमान लगभग 304 रुपये प्रति नग रखा गया था।
शिकायत में दावा किया गया था कि यदि प्रति मच्छरदानी करीब 50 रुपये का अंतर भी माना जाए, तो 20 लाख मच्छरदानियों की खरीदी में लगभग 10 करोड़ रुपये का अंतर आ सकता है। इसके अलावा टेंडर की पात्रता शर्तों को लेकर भी सवाल उठाए गए थे।
मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से की गई थी शिकायत
इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से शिकायत कर खरीदी प्रक्रिया की जांच कराने और नई व्यवस्था के तहत खरीदी करने की मांग की गई थी। शिकायतों के बाद अब टेंडर निरस्त कर दिया गया है।
अब सभी की नजर दवा निगम की आगे की प्रक्रिया पर है। नई खरीदी में रेट कॉन्ट्रैक्ट व्यवस्था अपनाई जाएगी या फिर नए सिरे से टेंडर जारी किया जाएगा, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। माना जा रहा है कि नई प्रक्रिया में पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धी दरों को प्राथमिकता दी जाएगी।


