CG Video: बेमेतरा जिले के साजा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ईश्वर साहू एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मंच पर युवतियों के साथ जमकर नाचते हुए उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इसे लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत मारो के वार्ड क्रमांक 03 में डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मंगल भवन के भूमिपूजन समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल और भाजपा जिला अध्यक्ष अजय साहू सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
लड़कियों संग जमकर नाचे ईश्वर साहू
मुख्य कार्यक्रम के बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। इसी दौरान विधायक ईश्वर साहू मंच पर पहुंचे और नृत्य प्रस्तुत कर रही युवतियों के साथ थिरकते नजर आए। वहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग राय सामने आ रही है। कुछ लोग इसे सांस्कृतिक कार्यक्रम का सामान्य हिस्सा बताते हुए विधायक की सहज भागीदारी मान रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि सार्वजनिक मंच पर जनप्रतिनिधि का इस तरह नृत्य करना चर्चा का विषय है।
वीडियो वायरल
वीडियो वायरल होने के बाद विधायक ईश्वर साहू की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर चर्चा का दौर लगातार जारी है और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
पहले भी रहे हैं चर्चा में
गौरतलब है कि विधायक ईश्वर साहू इससे पहले भी विभिन्न मुद्दों और विवादों को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं। अब सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान मंच पर उनके डांस का वीडियो वायरल होने के बाद वे एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गए हैं।




