Raipur News: रायपुर में सराफा कारोबारी और जेवर महल के संचालक कार्तिक गिरि के लग्जरी कारों के काफिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में काफिले के आगे पुलिस की स्कॉर्पियो वाहन चलते हुए दिखाई दे रही है, जबकि पीछे चल रही कई लग्जरी कारों में सवार कुछ लोग खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद निजी कारोबारी को पुलिस एस्कॉर्ट दिए जाने और चलती गाड़ियों में स्टंटबाजी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, इस मामले में पुलिस विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
पुलिस वाहन के पीछे चल रहा था लग्जरी कारों का काफिला
वायरल वीडियो में सबसे आगे पुलिस की सफेद स्कॉर्पियो दिखाई दे रही है। उसके पीछे कई लग्जरी कारों का काफिला चल रहा है। कुछ कारों में बैठे लोग चलती गाड़ी की खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट करते नजर आए, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।
पुलिस एस्कॉर्ट को लेकर उठे सवाल
निजी व्यक्ति को पुलिस एस्कॉर्ट किस आधार पर उपलब्ध कराया गया, इसे लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। आमतौर पर किसी व्यक्ति को सुरक्षा या एस्कॉर्ट देने से पहले खतरे का आकलन और सक्षम अधिकारी की अनुमति आवश्यक होती है। ऐसे में यह एस्कॉर्ट किस आदेश के तहत दिया गया, इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है।
स्टंट करने वालों पर कार्रवाई का इंतजार
रायपुर में यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस नियमित रूप से चालानी कार्रवाई करती है। बिना हेलमेट, सीट बेल्ट के वाहन चलाने या अन्य नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाती रही है। ऐसे में वायरल वीडियो में स्टंट करते दिखाई दे रहे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ क्या कार्रवाई होगी, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।




