12th Hindi paper Exam: छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड की हिंदी विषय की परीक्षा आज (शुक्रवार) दोबारा आयोजित की जा रही है। पेपर लीक होने के बाद रद्द की गई इस परीक्षा को लेकर छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) इस बार पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। (12वीं हिंदी परीक्षा दोबारा)
मंडल द्वारा प्रश्न पत्रों के पैकेट में वन टाइम लॉक सिस्टम लगाया गया है, वहीं परीक्षा सामग्री को GPS लॉक युक्त कंटेनर के जरिए परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया है। संभावना जताई जा रही है कि भविष्य की परीक्षाओं में भी इसी व्यवस्था को लागू किया जा सकता है। (12वीं पेपर लीक मामला)
सुबह 9 बजे से परीक्षा (Chhattisgarh board exam 2026)
परीक्षा सुबह 9:00 बजे से शुरू होकर दोपहर 12:15 बजे तक चलेगी। छात्रों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश अनिवार्य किया गया था। 9:05 बजे उत्तर पुस्तिकाएं वितरित की गईं, 9:10 बजे प्रश्नपत्र दिए गए और 9:15 बजे से लिखना शुरू कराया गया।
पेपर हुआ था लीक (Chhattisgarh paper leak case)
गौरतलब है कि 15 और 16 मार्च को हिंदी विषय के सेट ‘बी’ का प्रश्नपत्र टेलीग्राम और अन्य माध्यमों पर लीक होने के दावे सामने आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी और सिटी कोतवाली में एफआईआर भी दर्ज हुई थी। इसके बाद 23 मार्च 2026 को आयोजित परीक्षा समिति की बैठक में परीक्षा निरस्त करने का फैसला लिया गया था।
स्ट्रॉन्ग रूम वन टाइम लॉक सिस्टम से सील
समन्वय केंद्र में नोडल अधिकारी और केंद्र प्रभारी की मौजूदगी में वीडियो कॉल के जरिए GPS लॉक खोला गया। स्ट्रॉन्ग रूम को वन टाइम लॉक सिस्टम से सील किया गया है। सीलिंग के दौरान वीडियोग्राफी कराई गई, जिसकी रिकॉर्डिंग अधिकारियों को सौंपी जाएगी।
केंद्राध्यक्षों पर भी सख्त निगरानी
केंद्राध्यक्ष जब कॉन्फिडेंशियल मटेरियल की पेटी समन्वय केंद्र से बाहर ले गए, तब जिला शिक्षा अधिकारी ने वन टाइम लॉक की जांच की। परीक्षा के बाद उपयोग किए गए वन टाइम लॉक को DEO कार्यालय में जमा करना अनिवार्य किया गया है। पूरी प्रक्रिया में केंद्राध्यक्षों की निगरानी की जा रही है।




