CG Cyclone Alert: चक्रवाती तूफान को देखते हुए स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद, आदेश जारी

CG School Closed

CG Cyclone Alert: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में संभावित चक्रवाती तूफान के प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। खराब मौसम, तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका के चलते जिले के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में 27 अक्टूबर 2026 को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देश पर बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को मौसम की स्थिति को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।

आंगनबाड़ी केंद्र भी रहेंगे बंद

महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देश के अनुसार, जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र 27 अक्टूबर को बंद रहेंगे। अधिकारियों को आंगनबाड़ी केंद्रों में रखी खाद्य सामग्री, सरकारी दस्तावेज और अन्य सामान को सुरक्षित स्थान पर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को अभिभावकों तक अवकाश की जानकारी पहुंचाने के लिए कहा गया है, ताकि बच्चों को किसी तरह की परेशानी न हो।

विद्यार्थियों के लिए स्कूलों में अवकाश

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी शासकीय और निजी प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए 27 अक्टूबर को अवकाश रहेगा।

यह अवकाश केवल छात्र-छात्राओं के लिए लागू होगा। शिक्षकों और स्कूल स्टाफ को विद्यालय में उपस्थित रहना होगा। प्रशासन ने स्कूल प्राचार्यों और प्रधानाध्यापकों को मौसम संबंधी निर्देशों का पालन करने कहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *